हरियाणा निर्मित शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चनुकी/मेहरौना। हरियाणा से अंग्रेजी शराब लेकर बिहार जा रहे दो तस्करों को यूपी-बिहार बार्डर पर स्थित मेहरौना चौकी पर पकड़ा गया। बोलेरो में रखी शराब बरामद हुई।
लार थानाक्षेत्र के मेहरौनाघाट चौकी इंचार्ज अमरनाथ सोनकर शनिवार की दोपहर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच हरियाणा से बिहार जा रही सफेद रंग की बोलेरो आती दिखाई दी। उसे रोककर जांच की गई। बोलेरो की छत में गुप्त ‘तहखाना’ मिला। शराब रखने के लिए दो जगह एल्युमिनियम के फाटक भी बने थे। पुलिस ने कड़ाई की पूछताछ की तो तस्करों ने सच उगल दिया। बोलेरो से हरियाणा निर्मित 413 शीशी शराब बरामद की गई। चौकी इंचार्ज ने इस मामले में कमल सिंह निवासी जींद, हरियाणा और अशोक निवासी सुंदरपुर, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत प्रभारी एसओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार शराब तस्करों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।