मेहरौनाघाट। बिहार में शराब तस्करी के लिए तस्कर रोजाना नया तरीका अपना रहे हैं। कभी दूध के टैंकर तो कभी सब्जी के पिकअप में शराब भरकर तस्करी की जा रही है। बुधवार को लार थाना क्षेत्र के मेहरौनाघाट पुलिस चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने सब्जी लदी एक पिकअप से 30 पेटी पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम अजय पुनिवासी अरवा बछराव जिला बेगूसराय बिहार व बिट्टू साहू निवासी ग्राम बेलदौर, खगरिया बिहार बताया है।
एसपी विक्रांत वीर के निर्देश पर लार पुलिस सुबह वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच लार बाजार की तरफ से एक पिकअप पहुंची। उसे रोककर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पहले चालक ने भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सक्रियता के आगे उसकी चालाकी नहीं चल सकी। संदेह होने पर एक सिपाही वाहन पर चढ़ गया और बोरा हटाकर देखा तो गत्ते दिखने लगे। पिकअप को साइड कराकर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र मिश्र ने इसकी जानकारी लार थानाध्यक्ष उमेश कुमार वाजपेयी को दी।
प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार वाजपेयी ने बताया कि तीस पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद