गौरी बाजार। थाना परिसर में परिवार के ही दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान पुरुष और महिलाओं ने भी एक-दूसरे के बाल खींचे। वारदात के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। इस हंगामे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे थाने के भीतर ही दोनों पक्ष मारपीट कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करना पड़ा। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक सांडा निवासी तीन भाइयों सुदर्शन, सिंहासन व रामानंद शर्मा में से एक भाई सुदर्शन के घर दरवाले और नाली का निर्माण चल रहा था। इसको लेकर भाइयों के परिवार में आपसी विवाद हो गया। इसकी शिकायत दर्ज कराने दोनों पक्ष बृहस्पतिवार की देर शाम थाने में पहुंचे थे।
दोनों के बीच थाना परिसर में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। यह देख पुलिसकर्मी अवाक रह गए। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया।
इस मामले में विकास पुत्र सुदर्शन व सत्येंद्र पुत्र सिंहासन शर्मा का शांतिभंग में चालान किया गया। क्षेत्राधिकारी हरेराम यादव ने बताया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद