संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में डेंगू के संभावित मरीज मिल रहे हैं। चौबीस घंटे में संभावित नए दो मरीज भर्ती किए गए हैं। उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया। उनके ब्लड का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो सकेगा। अस्पताल में दस मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि स्वस्थ होने पर एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
डेंगू पांव पसार रहा है। सुरौली थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला सात दिन पहले बुखार, उल्टी, दस्त से पीड़ित हो गई। प्राइवेट में दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद परिजन शनिवार को उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे डॉक्टर ने भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। शहर के एक मोहल्ले की महिला चार दिन पहले गौरीबाजार क्षेत्र के एक गांव में अपने घर गई थी, जहां बुखार से पीड़ित हो गई। वह देवरिया आई और ओपीडी में डॉक्टर को दिखाई। जांच कराने के बाद उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। डेंगू को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन जिले में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। इसमें गैर प्रांत व प्रदेश के विभिन्न जिलों से पीड़ित होकर आने वालों की संख्या अधिक है। डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि डेंगू के संभावित नए दो मरीज मिले हैं। वार्ड में दस मरीज भर्ती हैं। वार्ड में डाॅक्टरों और नर्सों की निगरानी में इलाज चल रहा है।