देवरिया। अवतार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराए गए दो लोगों की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो और आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों में ज्ञान प्रकाश कुशवाहा निवासी सोनूघाट, देवरिया तथा धीरेंद्र गौड़ निवासी महुआरी नवमुंडा, कुशीनगर शामिल हैं। तिलई बेलवा निवासी सुरेश यादव को 16 मई को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 21 मई की रात तबीयत खराब होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मामले में 29 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
दूसरे मामले में रितेश राव के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 11 मई को रितेश को उसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 25 मई को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ने बताया कि एक अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।