भटनी। रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान जीआरपी ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 39 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। दोनों आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भटनी जीआरपी की टीम सोमवार की देर रात यात्री सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।
तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से 39 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मो. दस्तवीर, निवासी चंद्रिया, थाना औराई, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) तथा मिठाईलाल, निवासी परसिया छितनी, थाना खामपार देवरिया के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों ने ट्रेन के माध्यम से शराब की तस्करी करने की बात स्वीकार की। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मौर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।