देवरिया। बनकटा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो बाल अपचारियों को चोरी की दो बाइक और अवैध शराब व बियर के साथ बृहस्पतिवार की रात गिरफ्तार कर लिया। बनकटा पुलिस टीम रात में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि जंजीरहा प्राथमिक विद्यालय के पास कुछ संदिग्ध मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से दो बाल अपचारियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 20 पाउच अंग्रेजी शराब और 14 केन बियर बरामद हुई। साथ ही चोरी की दो बाइक बरामद की गईं।
इस संबंध में बनकटा में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए किशोर सिवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं जिसमें एक की उम्र 16 तथा दूसरे की उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है।
इस संबंध में एसओ विशाल कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संवाद