फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: पेड़ से टकराकर गड्ढे में जा गिरी बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

Mon, 12 Jan 2026 11:30 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के रार बड़ी स्थित चूना फैक्टरी के पास रविवार रात में एक बाइक पेड़ से टकराकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में बाइक पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और इनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने सोमवार को एक शव को पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सौंप दिया, जबकि दूसरे के घरवालों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। सोमवार की देर शाम दोनों दोस्तों का अंतिम संस्कार सरयू नदी के किनारे एक साथ किया गया।
विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक रार बड़ी गांव निवासी शेषनाथ गोड़ का इकलौता बेटा सूरज गोड़ उर्फ गोलू (23 वर्ष) गांव के अपने दोस्त अनुज गोड़ (18 वर्ष) नागेंद्र गोड़ और प्रिंस गोड़ (18 वर्ष) पुत्र बलेशर गोड़ के साथ बाइक से रविवार रात में भलुअनी की तरफ जा रहा था। एक ही बाइक पर सवार तीनों दोस्त अभी महुई-भलुअनी मार्ग पर गांव स्थित चूना फैक्टरी के पास पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर सड़क के किनारे गड्ढे पलट गई। आनन-फानन में तीनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने सूरज गोड़ और अनुज गोड़ को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरा दोस्त प्रिंस गोड़ का इलाज चल रहा।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चहुंओर चीख-पुकार मच गई। उधर, सूरज के मौत की खबर मिलते ही पिता मुंबई से गांव पहुंच गए। परिजनों ने सूरज के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। अनुज के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दो युवकों की मौत हुई है। एक शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। दूसरे के परिजन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
विज्ञापन


शादी के लिए आ रहे थे रिश्ते, दुल्हन लाने की चल रही थी तैयारी
खुखुंदू। मृतक सूरज गोड़ उर्फ गोलू की शादी के लिए अच्छे-अच्छे रिश्ते आ रहे थे। परिवार में दुल्हन लाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था। रविवार की रात शेषनाथ गोड़ के परिवार के लिए काली रात बनकर आई और हादसे में घर का चिराग बुझ गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई।

रार बड़ी गांव निवासी शेषनाथ गोड़ मुंबई में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। घर पर पत्नी संगीता देवी और इकलौता बेटा सूरज गोड़ उर्फ गोलू रहते थे। इन दिनों सूरज की शादी के लिए रिश्ते आ रहे थे। खरमास के चलते अभी परिजन चुप्पी साधे हुए थे। तब तक तो दुर्घटना ने हंसते-खेलते परिवार में तबाही मचा दी। घटना के बाद मां संगीता देवी रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। उधर, पिता के मुंबई से आने के बाद सोमवार की देर शाम सूरज का अंतिम संस्कार सरयू नदी के किनारे हुआ। इस दौरान सूरज के दोस्त अनुज का भी अंतिम संस्कार उसी समय हुआ।

हमेशा साथ-साथ रहते थे सूरज और अनुज, एक साथ ही छोड़ी दुनिया
खुखुंदू। मृतक सूरज गोड़ उर्फ गोलू और अनुज गोड़ जिगरी दोस्त थे। गांव वालों का कहना है कि दोनों हमेशा साथ-साथ रहते थे। अब इन दोनों ने एक साथ दुनिया छोड़ दी। दोनों का अंतिम संस्कार सोमवार की देर शाम सरयू नदी के किनारे हुआ। सूरज अपने दोस्तों अनुज गोड़ और प्रिंस गोड़ के साथ रविवार शाम बाजार गए थे। परिजनों का कहना है कि सूरज अपने घर मुर्गे का मीट और अनुज मछली लेकर आया था। दोनों अपने-अपने घर में भोजन बनाकर रखने की बात कहकर निकले थे, लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर था। उन्हें क्या पता था कि अब वह घर कभी लौट कर नहीं आएंगे। जैसे ही दुर्घटना की खबर मिली। परिवार वाले दौड़ते-भागते मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक गांव वालों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया था। इस हादसे में दूसरे मृतक अनुज गोड़ दो भाईयों में छोटा था। बड़ा भाई मंद बुद्धि है। अनुज के पिता नागेंद्र और मां कविता देवी बेटे की मौत से टूट गए हैं। दोनों की आंखों से लगातार आंसू निकल रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें