कोरोना से दो की मौत, न्यायिक अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी समेत 392 मिले पॉजिटिव
देवरिया। कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को न्यायिक अधिकारी समेत 392 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में पॉजिटिव की संख्या 9047 हो गई है, वहीं एक्टिव केस का आंकड़ा बढकर 1998 पहुंच गया है। अब तक 6944 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 106 लोगों की मौत हो चुकी है। 1749 लोग होम आइसोलेशन में हैं। इसके अलावा 93 लोग जिला अस्पताल के एमसीएच विंग एल 2 में भर्ती हैं।
जनपद में कोविड-19 तेजी से पांव पसार रहा है। इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इससे बचाव के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस सख्ती दिखा रही है और बिना मास्क लगाए लोगों का चालान भी कर रही है, लेकिन इसका असर नहीं दिख रहा है। बाजारों में दुकानों पर बिना मास्क लगाए लोग पहुंच रहे हैैं और दुकानदार व कर्मचारी भी बिना मॉस्क लगाए सामान दे रहे हैं। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी की जा रही है। कार्यालयों व सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की भीड़ लग रही है।
जनपद में सोमवार को न्यायिक अधिकारी समेत 392 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सैंपलिंग के साथ ही अन्य जांच बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर जांच कराई जा रही है। कांटेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है। लोगों से मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है। -डॉ. आलोक पांडेय, सीएमओ