सलेमपुर। बिना किसी सूचना दिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अनुपस्थित मिले तीन चिकित्सकों दो दिन का वेतन रोकने के लिए अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र भेजा है। अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार ने बताया है कि सीएचसी पर तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र मोहन तथा चिकित्सक पुष्पेंद्र तिवारी और डॉ. राजू जायसवाल 18 और 19 दिसंबर को बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल नहीं पहुंचे। चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल में इलाज के लिए आए रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधीक्षक ने पत्र में बताया कि उक्त तीनों चिकित्सकों की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उनका दो दिन का वेतन रोके जाने की संस्तुति की गई है। इसके अलावा अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मचारी अशोक रावत की कार्य प्रणाली को भी असंतोषजनक बताया गया है। सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में समय से ओपीडी में उपस्थित न रहने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के लिए अलग से पत्र भेजा जाएगा। साथ ही लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।