दो दरोगा और तीन सिपाही निलंबित
देवरिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने लापरवाही बरतने के आरोप में दो दरोगाओं सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इसमें से एक दरोगा ने रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में स्कूली छात्रों के घायल होने की सूचना देने में काफी विलंब किया था।
मीडिया सेल में तैनात दरोगा रामबदन चौहान, सिपाही पिंटू यादव ने एसपी को रुद्रपुर क्षेत्र में स्कूली छात्रों के घायल होने के बारे में जानकारी देने में काफी देर की थी।
इस पर एसपी ने फटकार लगाते हुए उन्हें लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया। दूसरी ओर कोतवाली में तैनात दरोगा वीरेंद्र कुमार को विवेचना में लापरवाही पाए जाने और लार थाने में तैनात सिपाही दिनेश कसौधन, संजीत सिंह को क्षेत्र में अपराध पर अंकुश न लगा पाने पर निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि दायित्वों का निर्वहन न करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।