खुखुंदू। बालेपुर मठिया गांव में घर से कुछ दूरी पर गड्ढे में नहाते समय दो बच्चे डूब गए। परिवार वालों ने जानकारी होने पर उन्हें गड्ढे से निकाल कर आनन-फानन नजदीक के अस्पताल ले गए।डाॅक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिवार वालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को दफना दिया।
खुखुंदू क्षेत्र के बालेपुर मठिया चौराहा और मठिया पठान में नट बिरादरी के लोग झुग्गी झोपड़ियों में रहते हैं। इधर कई दिनों से रोजाना सुबह दोनों गांवों के बच्चे बालेपुर मठिया के एक खेत में मिट्टी निकालने से बने गड्ढे में नहाने जाते थे। रविवार की सुबह करीब 10 बजे दोनों गांव के बच्चे एक साथ नहाने गए थे।
बताया जा रहा है कि बालेपुर मठिया निवासी तौहीद (आठ) पुत्र मुन्ना नट और मठिया पठान निवासी शहाबुद्दीन (12) पुत्र लतीफ नहाते समय गहराई में चले गए और डूबने लगे। दोनों के डूबने की सूचना अन्य बच्चों ने आकर उनके परिवार वालों पर दी। परिवार वालों ने मौके पर पहुंच कर दोनों को गड्ढे से खोजकर निकाला। डाॅक्टर के पास ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। एसओ खुखुंदू राहुल कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पुलिस को नहीं है।