रुद्रपुर। कोतवाली में रिश्तेदार की पैरवी करने आए युवक की शनिवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नाले के किनारे लघुशंका करने गया था। इसी दौरान उसे करंट का झटका लगा।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के देवतहा गांव निवासी दौलत सिंह (40) माहीगंज निवासी रिश्तेदार के मामले में पैरवी के लिए कोतवाली आया था।
बताया गया कि कोतवाली के सामने खुले ट्रांसफाॅर्मर के बगल में नाली में लघुशंका करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगने से झुलसे युवक को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हर चौराहे पर ट्रांसफाॅर्मर से मौत का खतरा : नगर के कई प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर ट्रांसफाॅर्मर खुले में सड़क के किनारे रखे गए हैं।
बस स्टेशन, जामुनी, आदर्श चौराहा और कोतवाली के आसपास लगे ट्रांसफॉर्मरों के पास लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। इन स्थानों पर ट्रांसफाॅर्मरों की पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली निगम को कई बार सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत बताई गई मगर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
कोतवाली के सामने हुई मौत के बाद बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
नगर वासी प्रेम तिवारी, लल्लन गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, मनोज भाटिया आदि ने कहा कि कि व्यस्त चौराहों और सड़क किनारे रखे गए ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर मजबूत जाली, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत होना जरूरी है।
इस संबंध में जेई राजा गुप्ता ने कहा कि ट्रांसफाॅर्मर के पास सुरक्षा मानक पूरा किया गया है।
कोतवाली के पास ट्रांसफाॅर्मर से करंट कैसे लगा, इसकी जांच की जाएगी।