रामपुर कारखाना। सेमरी गांव में जमीन के विवाद में दो भाइयों की लाठी-डंडे से पिटाई करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेमरी गांव निवासी प्रभावती देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 सितंबर की शाम करीब चार बजे जमीन के विवाद में पटीदार रामनरायन, रामप्रवेश, सागर और ने उनके पति वीरेंद्र पासवान और भसुर गया प्रसाद को घेर लिया। आरोप है कि चारों ने दोनों की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी।
प्रभावती देवी के अनुसार, शोर सुनकर वह घर से बाहर निकलीं और बीच-बचाव का प्रयास किया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को अलग कराया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। थानेदार अश्वनी प्रधान ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद