गौरी बाजार। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से फर्जी नंबर प्लेट, चार मास्टर चाभी सहित 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि गौरी बाजार, रुद्रपुर सहित चार जगहों से चुराई गई बाइक इन्हीं युवकों ने चुराई थी। चार घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
मुखबिर की सूचना पर गौरी बाजार एसओ डॉ.महेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बंद चीनी मिल गौरी बाजार के परिसर से दो संदिग्ध युवकों को दो बाइक के साथ दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि लालू विश्वकर्मा, देवानंद पासवान निवासी अमडीहा थाना झगहां जनपद गोरखपुर बाइक चोर हैं। उनके पास से 16 अप्रैल को गौरी बाजार नगर निवासी इरफान आलम की चोरी हुई बाइक बरामद की गई। साथ ही, फर्जी नंबर प्लेट, चार मास्टर चाभी व बाइक बेचकर रखे गए 13 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को द सेलीब्रेशन रिसार्ट मैरिज हाॅल गौरीबुजुर्ग से बाइक व बखरा से एक बाइक चुराई थी। करमेल बरनही कितवाली रुद्रपुर से एक बाइक चुराकर बिहार बाॅर्डर पर अलग-अलग लोगों को 15 से 20 हजार रुपये में बेच दी थी।
इस संबंध में एसओ डा.महेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक शातिर चोर हैं। विभिन्न धाराओं के तहत उन्हें जेल भेज दिया गया।