भटनी। पुलिस ने खोरीबारी चौराहे से बुधवार की रात दो युवकों को 48 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार को चालान किया गया। आरोपी गाजीपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। भटनी थाने के एसआई कमलेश गुप्त बुधवार की रात गश्त पर निकले थे। तभी खोरीबारी रामपुर तिराहे पर बैग लिए दो युवक संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस के पास जाने पर उन्होंने भागने का प्रयास किया पर पकड़े गए। पुलिस की जांच में उनके बैग से 48 शीशी अंग्रेजी शराब की बोतलें मिली।
पूछताछ में उनकी पहचान अविनाश कुमार निवासी चक हंकारी उर्फ अहिरौली थाना गाजीपुर और त्रिभुवन कुमार निवासी माधोपुर थाना सदर जिला मुजफ्फरपुर बिहार के रूप में की गई। एसओ मृत्युंजय राय ने बताया कि शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। संवाद