गैरेज में ट्रक चुरा ले गए चोर
कसया रोड पर स्थित है गैरेज, पुलिस कर रही है पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बेखौफ चोरों ने मरम्मत के लिए गैरेज में खड़े ट्रक को चुरा लिया। मंगलवार को जानकारी होने पर पीड़ित ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। गैरेज मालिक के बेटे को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मईल थानाक्षेत्र के राजीवनगर गोहरिया के रहने वाले संतोष जायसवाल ने ट्रक खरीदा है। कुछ खराबी आने के कारण उन्होंने कसया रोड में एक गैरेज में डेंट-पेंट के लिए चार अक्टूबर को ट्रक खड़ा कर दिया। अधिकांश काम हो गया था। सोमवार की रात गैरेज में खड़े ट्रक को चोर चुरा ले गए। मंगलवार की सुबह संतोष पहुंचे तो जानकारी हुई। उन्होंने डायल-100 पर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैरेज मालिक के बेटे को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि वह चोरी के बारे में कुछ बता नहीं पा रहा है। उसने कहा कि रोज की तरह सोमवार की रात को भी काम करने के बाद ट्रक खड़ा किया गया था। सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने बताया कि सूचना मिली है। एक को हिरासत में लिया गया है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।