फोटो समाचार...
आत्मदाह करने गए परिवारीजन सीओ के आश्वासन पर माने
आधे घंटे तक जाम रहा लार-सलेमपुर मुख्य मार्ग
अमर उजाला ब्यूरो
लार। पिटाई से घायल युवक की मौत के मामले में दर्ज गैर इरादतन हत्या के केस की विवेचना के दौरान एक मुख्य आरोपी का नाम निकाले जाने से क्षुब्ध पीड़ित परिजन रविवार को आत्मदाह के लिए लार थाने पहुंच गए। उनके थाने पहुंचते ही महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस से नोकझोंक के बाद सड़क जाम लगा दिया। एसडीएम-सीओ मौके पर पहुंचे। सीओ ने पीड़ित परिवार को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी प्रेमचंद्र राजभर के पुत्र पवन राजभर की लाठी-डंडे से पिटाई के कारण इलाज के 12 दिन बाद मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अन्नू उर्फ गब्बू राजभर निवासी चुरिया, विजय राजभर निवासी भूटिया थाना गुठनी के खिलाफ थाने में कुल तीन आरोपियों पर केस दर्ज किय। आरोप है कि मेहरौना चौकी इंचार्ज आशुतोष कुमार इस मामले की विवेचना कर एक आरोपी अन्नू उर्फ गब्बू का नाम निकाल दिया। इसके बाद सदावृक्ष के परिजनों को लगातार हत्या का युवक धमकी देते रहा। इस बात की जानकारी पीड़ित परिजनों ने मुख्यमंत्री पोर्टल आईजी एसपी को दी। जिसकी सुनवाई नहीं होने से सदावृक्ष अपने परिवारीजनों के साथ आत्मदाह करने थाने पहुंचे। जब आत्मदाह की जानकारी पुलिस को मिली तो उसके होश उड़ गए। साथ में पहुंचे चुरिया गांव के लोग पुलिस विरोधी नारे लगाते हुए सड़क पर बैठ गए। करीब आधे घंटे तक लार सलेमपुर मार्ग जाम रहा। कुछ ही देर में सर्किल क्षेत्र की फोर्स पहुंच गई। एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में पीड़ित सदावृक्ष ने आरोपी दारोगा पर कार्रवाई की मांग की। सीओ ने निष्पक्ष जांच का भरोसा परिजनों को दिलाया। सदावृक्ष ने कहा कि अगर न्याय नहीं मिलेगा तो जल्द ही आत्मदाह कर लूंगा।
विवेचक की होगी जांच, लटकी तलवार
देवरिया। लार के चुरिया गांव निवासी पवन राजभर की मौत के मामले की विवेचना कर रहे मेहरौना चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। पीड़ित परिवार के लोग रविवार को लार में आत्मदाह के लिए पहुंचे। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने मामले की जानकारी ली। पता चला कि विवेचक आशुतोष कुमार ने गैर इरादतन हत्या के मुख्य आरोपी अन्नू उर्फ गब्बू निवासी चूरिया का नाम निकाल दिया है। एसपी ने सीओ सलेमपुर वरुण मिश्र को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि विवेचक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।