दुकान की तिजोरी तोड़कर लाखों की चोरी
सलेमपुर। चोरों ने बुधवार की रात नगर के दुकान का ताला तोड़कर तिजोरी में रखे लाखों रुपये उठा ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह जानकारी होने पर दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के चंद्रभान बरनवाल सोहनाग रोड पर मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। वार्ड नंबर 10 में एक और उनकी मकान है, जिसमें रस्सी व प्लास्टिक की दुकान है। बुधवार की रात चोरों ने गेट का कुंडा तोड़ दिया और दुकान में घुस गए। तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखे तकरीबन सात लाख रुपये उठा ले गए। बृहस्पतिवार को व्यापारी जब दुकान खोलने आया तब उसे चोरी की जानकारी हुई। नगर के बीचों बीच हुई इतनी बड़ी चोरी बाद भी पुलिस सक्रिय नहीं दिख रही है। इससे व्यापारियों में आक्रोश है। कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने बताया कि दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस घटनास्थल की जांच की है।
निर्माणाधीन मोहन सेतु से उपकरण चोरी
बरहज। नगर स्थित निर्माणाधीन मोहन सेतु से बीती रात उपकरण आदि चोरी हो गए। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एसपी सिंह ने थाने पर तहरीर देर चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
तहरीर में परियोजना प्रबंधक एसपी सिंह ने कहा है कि निर्माणाधीन सेतु पर मशीनों और उपकरणों से कार्य लिया जा रहा है। जहां से चोरों ने ग्राइंडिंग पंप, सबमर्सेबल पंप और अन्य सामग्री चुरा ली है। उनका यह भी कहना है कि करीब एक माह से आए दिन चोर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर टीजे सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।