प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर सामान चोरी
लार। नगर में चोरों के आतंक पर लगाम लगा पाना लार चौकी पुलिस के लिए चुनौती साबित होता जा रहा है। चोरों ने शुक्रवार देर रात उच्च प्राथमिक विद्यालय लार बीआरसी में ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। प्रधानाध्यापक की ओर से मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
लार चौकी के सटे उच्च प्राथमिक विद्यालय है। जिसके प्रधानाध्यापक वीरभद्र पाठक हैं। उन्होंने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि विद्यालय के शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष गोविंद मिश्रा और अनुदेशक निकुंज की ड्यूटी बीआरसी पर लगी थी। जब उनकी नजर विद्यालय पर पड़ी तो उन्होनें देखा विद्यालय के कमरे का ताला टूटा पड़ा है तो उन्होंने अन्य स्टाफ को बुलाया। देखा कि चोरों ने बाल्टी, जग, बर्तन, विज्ञान किट, खेल सामग्री, किताबें, रजिस्टर इत्यादि सब गायब है। वह अन्य स्टाफ के साथ स्कूल में पहुंचे और जांच पड़ताल की। प्राथमिक शिक्षक संघ लार के अध्यक्ष गोविंद मिश्रा ने आरोप लगाया बगल में चौकी होने के बावजूद शाम को आसपास शराबी उसी में शराब पीते हैं और जुआ खेलते हैं। इसकी शिकायत कई बार चौकी पर की गई। लेकिन करवाई नहीं हुई। लार ब्लॉक के 20 विद्यालयों में चोरी घटनाएं हुई हैं लेकिन पर्दाफाश अभी तक एक का भी नहीं हुआ है। अगर घटना पर्दाफाश नहीं होता है तो शिक्षक संघ इसकी लड़ाई लड़ेगा। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। करवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियाें को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।