भूमि विवाद में मारपीट, महिलाएं और बच्चे लहूलुहान
भाटपाररानी। खामपार थाना के ग्राम बखरी नंबर एक में शनिवार को दोपहर भूमि विवाद में महिलाओं और बच्चों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। घायलों का इलाज भाटपाररानी पीएचसी पर कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को शांति भंग में जेल भेज दिया है।
ग्राम बखरी नंबर एक में महाजन कुशवाहा और रामदेव भगत में भूमि विवाद चला आ रहा है। इसी भूमि में दीवार चलाने के विवाद में शनिवार को दोपहर दोनों पक्ष भिड़ गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एक पक्ष के दो लोगों को तथा दूसरे पक्ष से एक को गिरफ्तार कर थाने लेकर चली गई। मौका पाते ही एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की महिलाओं और बच्चों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट में महाजन की पत्नी कुंती (55), आरती देवी (30), कुमारी संध्या (17), ब्यूटी (05) तथा अनुराग (03) घायल हो गईं। कुंती देवी और आरती देवी को गंभीर चोट होने के कारण सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष घनश्याम सिंह ने बताया कि एक पक्ष के महाजन और राणा प्रताप तथा दूसरे पक्ष के रामसेवक को शांति भंग में जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।