भटनी रेलवे स्टेशन पर बाघ एक्सप्रेस में चढ़ते यात्री। संवाद
भटनी। मौनी अमावस्या स्नान पर्व को लेकर शनिवार को ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। प्रयागराज समेत अन्य धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाने से रेलवे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही। वही कोहरे के चलते प्रयागराज मेला स्पेशल समेत रूट की आठ ट्रेनें तीन से चार घंटे की देर से स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर पहुंची। इससे पूरे दिन प्लेटफॉर्म पर यात्री परेशान रहे।
जानकारी के मुताबिक रविवार को मौनी अमावस्या पर्व पर प्रयागराज, वाराणसी जाने वाले यात्रियों की भीड़ सुबह से ही प्लेटफॉर्म पर देखी गई। वाराणसी रूट की काशी, कृषक, लिच्छवी, पैसेंजर और इंटरसिटी एक्सप्रेस यात्री सवार होकर स्नान के लिए रवाना हुए। वही कोहरे के चलते छपरा-भटनी-झूंसी मेला स्पेशल चार घंटे, संभलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस तीन घंटे, अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस चार घंटे, काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, मथुरा–छपरा एक्सप्रेस चार घंटे की देर से देवरिया और भटनी रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। ट्रेनों के विलंब से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भीड़ लगी रही, वहीं कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। ठंड और लंबा इंतजार यात्रियों के लिए और कष्टदायक साबित हुई। भटनी रेलवे स्टेशन पर सुमंत गिरी, साधू शरण कुशवाहा, दीनदयाल मिश्र, पुरुषोत्तम मणि आदि ने बताया कि मौनी अमावस्या पर स्नान करने प्रयागराज जाना है। भीड़ के कारण ट्रेन में चढ़ना-उतरना भी मुश्किल हो रहा है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों को संयम बरतने की अपील की गई, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय मौनी अमावस्या पर प्रयागराज और वाराणसी जाने वाले यात्रियों की भीड़ हो रही है। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही है।