रेलवे स्टेशन पर लू और गर्म हवा के झोंके कर रहे यात्रियों को परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सदर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में सर्वाधिक लेट मुंबई से आने व जाने वाली ट्रेनें हो रही हैं। मंगलवार को ही गोरखपुर-दादर स्पेशल साढ़े 23 घंटे विलंब से पहुंची। एक दिन बाद आने के चलते कुछ यात्री इसी में चढ़ जा रहे हैं, ऐसे में उनकी आगे की यात्रा मुश्किलों से भरी हो जा रही है। इधर, तापमान बढ़ने से रेलवे स्टेशन पर इंतजार करने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
गर्मी की छुट्टियां होने से भी वर्तमान में ट्रेनों में भीड़ अधिक दिख रही है। ऐसे में देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को गोरखपुर से दादर स्पेशल एक्सप्रेस को सोमवार को ही दोपहर में 3:30 बजे आना था, लेकिन यह मंगलवार को दोपहर 3:05 बजे सदर स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर तीन पर आई। मंगलवार को आने वाली ट्रेन का टिकट लिए कुछ यात्री भ्रम में इसमें सवार हो गए।
अपने एक परिचित को छोड़ने आए नवापार निवासी कमलेश चौहान ने बताया कि भ्रम के चलते सोमवार वाली गोरखपुर-दादर स्पेशल ट्रेन में बैठाना पड़ा। ऐसे में संबंधित बोगी में उस टिकट नंबर वाले यात्री के आने पर उनके परिचित को यात्रा के दौरान दिक्कत उठानी पड़ेगी। मुश्किल यह है कि उनके पास मोबाइल भी नहीं है। उधर बरौनी-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ढाई घंटे, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस साढ़े सात घंटे, गोरखपुर-दादर स्पेशल एक्सप्रेस आठ घंटे, गोहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे, कटिहार-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस चार घंटे, गोरखपुर-सियालदह एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे विलंब से रेलवे स्टेशन पहुंचीं। जिन यात्रियों को इन ट्रेनों से जाना था, उनके लिए खुले परिसर में बैठकर इंतजार करना मुश्किल हो रहा था।
जनरल और स्लीपर में दिखी ठसाठस भीड़, धक्का-मुक्की कर हुए सवार
सदर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को दोपहर 2:50 बजे प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर संबलपुर-हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस, 2:55 बजे मथुरा-छपरा एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 3:00 बजे, 3:05 बजे प्लेटफाॅर्म नंबर तीन पर गोरखपुर-दादर स्पेशल एक्सप्रेस, 3:47 बजे सहरसा से नई दिल्ली वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफाॅर्म संख्या दो पर आई। अप ट्रेनों में जहां भीड़ ज्यादा रही तो डाउन में कम। अप ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्रियों के बीच खूब धक्का-मुक्की भी हुई। जनरल में यात्री खड़े होने की जगह पाने के लिए मशक्कत करते दिखे। स्लीपर बोगियों में भी प्रवेश गेट तक यात्री बैठे नजर आए।
स्पीकअप
सियालदह जाना है। रेलवे स्टेशन पर आए तो पता चला कि ट्रेन करीब चार घंटा लेट है। रेलवे स्टेशन पर गर्म हवा के झोंके खूब परेशान कर रहे हैं। ट्रेन का इंतजार करना काफी मुश्किल काम है।
-अतुल कुमार, यात्री
प्रचंड गर्मी के इस मौसम में एक तो कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल है। वेटिंग लेकर यात्रा करनी मजबूरी बनती जा रही है। सियालदह जाना है और इस मौसम में रेलवे स्टेशन पर लू और गर्म हवा मुंह को झुलसा दे रही है।
-सत्यप्रकाश मिश्र, यात्री
सिवान से दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस में सवार हुए। उम्मीद थी कि जगह मिलेगी, लेकिन जनरल बोगी में इतनी भीड़ है कि गेट के पास ही खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है।
-सुजीत, यात्री
कोट
गोरखपुर-दादर स्पेशल एक्सप्रेस पिछले 15 दिनों से लेट चल रही है। एक बार ट्रेन के लेट होने पर इसका पूरा शेड्यूल ही बदल जा रहा है। ऐसे में डाउन वाली ट्रेन भी देरी से आ रही है। एक बार लेटलतीफ होने पर अगली अप ट्रेन पर भी इसका असर पड़ रहा है।
-संदीप भटनागर, स्टेशन अधीक्षक देवरिया सदर