रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर गहिला गांव के समीप हुई घटना
मां को लेकर इलाज कराने रुद्रपुर ले जा रहा था बेटा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर/गौरीबाजार। रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बेटे की मौत हो गई, वहीं, उसकी घायल मां की हालत गंभीर बनी है। बेटा मां का उपचार कराने बाइक से रुद्रपुर जा रहा था कि गहिला गांव के निकट ट्रक ने टक्कर मार दी। मृतक गौरीबाजार क्षेत्र के करमेल गांव का रहने वाला था। घटना मंगलवार की सुबह हुई।
करमेल गांव के रहने वाले रविन्द्र प्रजापति (35) राजगीर मिस्त्री का कार्य कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करते थे। मंगलवार की सुबह वह बाइक से अपनी मां ज्ञांती देवी (68) का इलाज कराने जा रहे थे। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। गहिला गांव के निकट सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। युवक लहुलूहान होकर सड़क पर गिर गया। मां ज्ञांती देवी के सीने और सिर में चोट लगी। युवक के सिर और पेट में गंभीर चोट लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। महिला की स्थिति नाजुक बताई जा रही। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार पांडेय ने कहा कि घायल को इलाज कराने के लिए भेजा गया है। शव पोस्टमार्टम कराने के लिए देवरिया भेजा गया है।
इनसेट में-
मां की आंखों के सामने ही बेटे ने तड़प कर तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग पर सड़क हादसे में युवक की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। घटना में घायल मां के सामने ही बेटे ने तड़प कर दम तोड़ दिया। रविंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर था। शादी के पांच साल बाद भी उसे कोई संतान नहीं थी। करमेल गांव के रहने वाले रामसूरत प्रजापति के चार बेटों में रविंद्र दूसरे नंबर का था। वह राजगीर मिस्त्री का काम कर परिवार में सहयोग करता था। घर वालों के अनुसार मां ज्ञांती देवी कुछ दिन से बीमार चल रही थीं। उनका इलाज कराने वह जा रहा था कि गहिला गांव के समीप ट्रक ने टक्कर मार दी। रविंद्र सिर में चोट लगने से तड़प रहा था, बगल में मां दर्द से कराह रही थी। बेटे को देख वह और बिलखने लगी। तब तक उसकी मौत हो गई। मां बेटे की हालत देखकर बेहोश हो गई। मृतक के घर पर सूचना पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पत्नी उषा देवी रोने लगी। पति की मौत पर बदहवस पत्नी को देख लोगों की आंखें नम हो गईं। बुजुर्ग पिता रामसूरत जवान बेटे की मौत को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे।