संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भटनी। गोरखपुर-डोमिनगढ़ और गोरखपुर कैंट रेलवे स्टेशन के बीच तीसरी लाइन निर्माण के चलते बुधवार को गोरखपुर-वाराणसी इंटरसिटी समेत चार ट्रेनें निरस्त रहीं।
हावड़ा-काठगोदाम बाघ,जयनगर अमृतसर शहीद एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। इसके चलते यात्री पूरे दिन परेशान रहे। उन्हें मजबूर होकर बस और अन्य साधन से गंतव्य को जाना पड़ा। गोरखपुर जंक्शन, डोमिनगढ़ और गोरखपुर कैंट के बीच तीसरी लाइन के निर्माण के लिए रेलवे ने 12 अप्रैल से तीन मई के बीच मेगा ब्लॉक लिया है।
निर्माण कार्य के चलते इस रूट की करीब 35 ट्रेनों को निरस्त किया गया है। 25 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन किया गया है। ऐसे में लोग शादी समारोहों व अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में बस या निजी साधनों से जाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। भटनी के रेलवे के स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि गोरखपुर मे तीसरी लाइन निर्माण के चलते यात्रियों का दिक्कतें हो रही हैं। अगले माह से यह स्थिति ठीक हो जाएगी।