- मुम्बई, दिल्ली, गुजरात से आने वाली सभी ट्रेनों में टिकट फूल होने से परेशानी बढ़ी
देवरिया/भटनी। महानगरों से गर्मी की छुट्टियों में घर आने वाले यात्रियों को ट्रेनों में टिकट नही मिल रहा है। मुंबई, दिल्ली, गुजरात और पंजाब से आने वाली ट्रेनों में टिकट फूल से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में परिवार के साथ घर आने की तैयारी में जुटे लोग स्पेशल ट्रेनों टिकट तलाश रहे है।
देवरिया जिला और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के चलते महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और पंजाब में रहते है। बच्चों की परीक्षा समाप्त होने पर लोग गर्मी की छुट्टी मनाने घर आना चाहते है, लेकिन ट्रेनों में मई माह तक टिकट फूल से उनकी परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में लोग रूट पर चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में टिकट की संभावना तलाश रहे है। इसके अलावा बस सेवा को भी विकल्प के तौर पर देख रहे है। हालांकि लंबी दूरी की बस सेवा कम होने से उनकी राह आसान नही होने वाली है। भटनी रेलवे स्टेशन पर लोगों ने बताया कि रेलवे को मुम्बई, दिल्ली, गुजरात और पंजाब रूट पर स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ानी चाहिए ताकि परदेशी आसानी से घर आ सके। स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि मुम्बई, दिल्ली, गुजरात आदि जगहों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।