- लाइसेंस में देरी पर एसडीएम कार्यालय के बाहर होती रही नारेबाजी, शुल्क जमा करने के बाद भी अनुमति नहीं मिलने से थे नाराज
- सात और आठ नवंबर को चार स्थानों पर लगेंगी पटाखों की दुकानें, करीब 150 लाइसेंस जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पटाखा दुकान लगाने के लिए लाइसेंस नहीं मिलने से नाराज व्यापारी बृहस्पतिवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। दिनभर नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा। व्यापारियों का आरोप था कि निर्धारित सरकारी शुल्क जमा करने के बावजूद उन्हें अस्थायी लाइसेंस और दुकान आवंटन की जानकारी नहीं दी जा रही है। दिवाली पर पटाखा बाजार लगाने की तारीख नजदीक आने के कारण उनकी चिंता बढ़ रही थी। दिनभर चले प्रदर्शन के बाद शाम को प्रशासन ने लाइसेंस जारी करने शुरू किए। करीब 150 दुकानदारों को अनुमति दी गई है।
व्यापारी नेता मंटू जायसवाल ने बताया कि छह, सात और आठ नवंबर को अस्थायी पटाखा बाजार लगाने की तैयारी थी। इसके लिए दुकानदारों ने सरकारी शुल्क भी जमा कर दिया था लेकिन लाइसेंस जारी नहीं किए जा रहे थे। दुकान लगाने की जगह और नंबर भी नहीं बताए गए थे। व्यापारियों का कहना था कि पटाखा कारोबार के लिए त्योहार पर सीमित समय मिलता है। ऐसे में अनुमति मिलने में देरी से तैयारियां प्रभावित होने के साथ आर्थिक नुकसान की आशंका थी। मामले की जानकारी मिलने पर डीएम ने एसडीएम को अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलते ही पात्र दुकानदारों को अस्थायी लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद शाम को लाइसेंस जारी किए गए।
चार स्थानों पर लगेंगी दुकानें, सात और आठ को होगी बिक्री
प्रशासन के निर्देश के अनुसार, शहर में एसएसबीएल इंटर कॉलेज, अग्रसेन इंटर कॉलेज, आईटीआई मैदान और सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज में पटाखों की दुकानें लगेंगी। कोतवाली प्रभारी शशि भूषण राय ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं। सात और आठ नवंबर को ही बिक्री होगी।
दोगुने हुए पटाखों के दाम, बिक्री पर खास असर नहीं
व्यापारियों के मुताबिक, इस बार पटाखों के दाम पिछले साल की तुलना में करीब दोगुने हो गए हैं। पिछले साल 30 रुपये में मिलने वाला पटाखा अब 60 रुपये और 60 रुपये वाला 120 रुपये में मिल रहा है। व्यापारी संतोष चौरसिया, अमित तिवारी और संतोष कुमार ने बताया कि कीमतें बढ़ने के बावजूद बिक्री पिछले साल के लगभग बराबर है। थोक कारोबारियों का माल लगभग बिक चुका है। अब फुटकर बिक्री होगी।