नरम पड़े व्यवसायी, खुद हटाने लगे अतिक्रमण
लार। सड़क से अतिक्रमण हटाने के मामले में व्यवसायी वर्ग का रुख नरम पड़ गया है। रविवार को बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
लार बाजार की मुख्य सड़क नगर पंचायत के नक्शे में 70 कड़ी है। मौके पर यह 20 कड़ी में सिमट गई है। 24 दिसंबर को डीएम कोर्ट ने सड़क से अतिक्रमण हटाने का फैसला सुनाया था। एडीएम प्रशासन कुंवर पंकज के निर्देश पर पहुंची राजस्व टीम ने सड़क के दोनों तरफ सीमांकन किया। व्यवसायियों ने असंतोष जताते हुए दोबारा पैमाइश की मांग की थी। नगर पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख दिखाते हुए अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी कर दिया। इससे व्यवसायियों के तेवर नरम पड़ गए हैं। रविवार को कुछ व्यवसायियों ने खुद दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। ईओ राजन नाथ तिवारी ने बताया कि खुद से अगर दुकानदार सड़क के दोनों तरफ 35-35 कड़ी अतिक्रमण हटा लेते हैं तो अच्छी बात है। नहीं तो पुलिस बल की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही बुलडोजर चलवाया जाएगा। खलल डालने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उधर, चेयरमैन सरोज यादव ने कहा कि सभी व्यवसायियों के साथ हमारी पूरी संवेदना है पर, जाम से नगर को मुक्त कराना हमारी प्राथमिकता है। नगर पंचायत को हाईटेक बनाना है। व्यवसायियों से अपील है कि वह हमारा सहयोग करें।