रामपुर बुजुर्ग। बनकटा थाना क्षेत्र के भठही भाट गांव में रास्ते में ट्रैक्टर चालक को घेरकर मारपीट करने का आरोप लगा है। बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैक्टर मालिक का भी मारपीट में हाथ फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भठही भाट निवासी अरुण यादव ने बनकटा थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार की दोपहर करीब 12:10 बजे उनका ट्रैक्टर चालक ईंट गिराकर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने ट्रैक्टर रोक लिया और चालक को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। चालक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और बीच-बचाव करने लगे।
सूचना मिलने पर अरुण यादव भी मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इससे उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर अकबर अली, आरिफ और क्लामुदिन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।