जानकारी के अनुसार, पिपरी उर्फ बंदी गांव निवासी पवन पुत्र सीताराम सोमवार को गांव के पास कंबाइन मशीन से धान की कटाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने घर के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की थी। इसी दौरान छोटी रार गांव का एक युवक चार पहिया वाहन लेकर वहां पहुंचा और ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाकर साइड देने को कहा।
पवन ने उससे जगह होने की बात कहते हुए निकल जाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और गाली-गलौज के बाद मारपीट की नौबत आ गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
आरोप है कि विवाद के कुछ देर बाद चार पहिया वाहन सवार युवक दोबारा पवन के घर पहुंचा और उन पर चाकू से वार कर दिया। पवन पीछे की ओर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी के भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खुखुंदू थाने के इंस्पेक्टर बीबी राजभर ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाद में जानकारी मिली कि दोनों युवकों के बीच मारपीट हुई थी और चाबी से चोट लगी है। दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की बात चल रही है। वहीं, सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।