जानकारी के अनुसार, देवघाट निवासी हरिओम (25) पुत्र रामकेश्वर गांव में गल्ला खरीदने और बेचने का कारोबार करते थे। शनिवार सुबह वह किसानों से खरीदे गए अनाज को पिकअप वाहन पर लदवा रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़े। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों और परिजन ने हरिओम को तत्काल निजी वाहन से देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। हरिओम अपने पीछे पत्नी, एक मासूम बेटी और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, हरिओम मेहनती और मिलनसार स्वभाव के थे। वह गल्ला व्यापार से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से देवघाट गांव में शोक का माहौल है।