संवाद न्यूज एजेंसी रुद्रपुर/पकड़ी बाजार। फतेहपुर गांव में सोमवार को हुई रिटायर्ड फौजी रामदयाल कुशवाहा की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में कोई जाहिरा चोट नहीं आने से विसरा सुरक्षित कर दिया गया है। रिटायर्ड फौजी के छोटे बेटे अमित ने जमीन विवाद में प्रधान पति उनके बेटे सहित पांच पर हत्या का केस दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात जम्मू-कश्मीर से बड़े बेटे हीराम के गांव पहुंचने के बाद दाह संस्कार किया गया।
फौजी का बड़ा बेटा हीरामन भी फौज में हैं। उनकी तैनाती कुपवाड़ा सेक्टर में है। बरहज के सरयू तट पर फौजी बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी।
उसने पिता की चिता को सल्यूट किया। बुधवार को सरहद से पिता की क्रियाकर्म करने आया बेटा दिनभर मां के पास बैठा रहा।
उन्होंने कहा कि मेरा फौजी परिवार है। फौज में रहकर देश की सेवा करने वालों को देश के कानून पर पूरा भरोसा है। इस संबंध में सीओ हरिराम ने कहा कि विवेचना पूरी गंभीरता से की जा रही है। मामले में न्यायोचित कार्रवाई होगी।