देवरिया। समाज में आधी आबादी की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने को महिला शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सबसे बड़ी जरूरत है। इसी को महसूस करते हुए जहां यूपी सरकार ने पिछले कुछ समय में महिला और छात्रा हित की योजनाओं की झड़ी लगा दी है, वहीं जिम्मेदार अखबार की भूमिका निभाते हुए ‘अमर उजाला’ समाज को जागरूक करने की कोशिशों में लगा है। इसी क्रम में यूपी सरकार और ‘अमर उजाला’ की साझा मुहिम है ‘नारी सम्मान’ अभियान। देवरिया में इसका आयोजन 14 सितंबर को सुबह 11 बजे से दीनानाथ पांडेय महिला राजकीय महाविद्यालय में किया जाएगा।
जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में एसपी मोहम्मद इमरान, सीडीओ राजेश त्यागी, एएसपी एनके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी डीएन शुक्ला, बीएसए राजीव यादव, पीडी रविशंकर राय, सीएमओ डॉ. एसएन सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी एनपी सिंह, सीओ डॉ. अजय सिंह, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. माला सिन्हा, उपायुक्त स्वत: रोजगार जितेंद्र मिश्र, जिला सूचना अधिकारी के अलावा तमाम ऐसे अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिनकी देखरेख में महिला हित की योजनाएं संचालित हो रही हैं।
इसमें मौजूद रहकर महिलाएं न सिर्फ खुद को लाभान्वित और सुरक्षित करने वाले कार्यक्रमों को गहराई से समझ सकेंगी बल्कि कई विभागों के आला अफसरों की मौजूदगी के बीच अपनी जिज्ञासाएं रख सकेंगी। इस दौरान शिक्षा, कला, खेल, उद्यमिता, बहादुरी व सामाजिक कार्य में उल्लेखनीय योगदान दे चुकी बेटियों और महिलाओं के सम्मान का रास्ता भी तैयार होगा।
इन छह कटेगरी में अलग-अलग आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन फॉर्म ‘अमर उजाला’ के देवरिया ब्यूरो ऑफिस अथवा गोरखपुर ‘अमर उजाला’ कार्यालय से हासिल किए जा सकते हैं। जिलों से आई प्रविष्टियों का मूल्यांकन मंडलायुक्त की देखरेख वाली ज्यूरी टीम करेगी और ज्यूरी से सर्वोत्तम के तौर पर चयनित छह (हर कटेगरी से एक-एक) प्रतिभाशाली महिलाओं को मंडल स्तर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
मंडलीय समारोह में सम्मान पाने वाली महिलाओं को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में होने वाले सम्मान समारोह में प्रतिभाग और सम्मान का अवसर मिलेगा। इसमें आवेदन की न्यूनतम आयु 16 वर्ष है।