खुखुंदू क्षेत्र के नूनखार रेलवे स्टेशन के पीछे का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। नूनखार रेलवे स्टेशन के पीछे रोड पर घात लगाकर बैठे छह-सात हमलावरों ने तीन युवकों को घेरकर उनकी पिटाई कर दी। पीड़ितों का आरोप है कि खुखुंदू में रिश्तेदारी से लौटते समय बृहस्पतिवार देर शाम को हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी हमलावर मकुनही गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, परसिया करकटही गांव निवासी लालू पुत्र किशुनदेव पाल भाई चंदन पाल और चंदन गोंड पुत्र बृजलाल गोंड के साथ बृहस्पतिवार को खुखुंदू क्षेत्र में रिश्तेदारी में आए थे। बताया जा रहा है कि तीनों देर शाम को यहां से गांव के लिए निकले। आरोप है कि जैसे ही वे नूनखार रेलवे स्टेशन के पीछे रोड पर पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे छह-सात युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनपर हमलावर हो उठे।
हालांकि, इसी बीच लालू और चंदन दोनों भाई हमलावरों के चंगुल से बचकर भाग निकले, मगर तीसरा युवक चंदन गोंड हमलावरों की गिरफ्त में फंसा रह गया। फिर दोनों उसे बचाने पहुंचे तो हमलावर तीनों की पिटाई कर दी। वारदात में सबसे अधिक चोट लालू को आई है। तीनों का नजदीक के अस्पताल में इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।