देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को सीज कर दिया गया।
एसपी अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भर रहे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित हो रहे ऑटो व ई-रिक्शा वाहनों की जांच कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित एक ट्रैक्टर को भी यातायात कार्यालय परिसर में सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, वैध दस्तावेज साथ रखने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है। यातायात प्रभारी गुलाब सिंह ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से न केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाने में मदद मिलती है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों को यह स्पष्ट संदेश दिया जाता है कि कानून की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।