देवरिया जिले के गोर्रा नदी में नहाने के दौरान तीन छात्र डूबने लगे। शोर सुनकर नदी में कूदे चरवाहों ने दो किशोरों को बचा लिया। वहीं एक छात्र नदी में डूब गया। उसकी तलाश में स्थानीय गोताखोर और पुलिस की टीम जुटी हुई है।
शनिवार को पचलड़ी गांव के राजू प्रसाद का बेटा नीतीश उर्फ गोलू (13), दीपक (12), अमन (13) गोर्रा नदी में नहा रहे थे। दोपहर बाद नहाने के दौरान वह गहराई जाकर डूबने लगे। बगल में चरवारे डूब रहे किशोरों की आवाज सुनकर बचाने को कूद पड़े।
इसे भी पढ़ें: निकाह से इन्कार करने पर थाने पहुंची प्रेमिका, प्रेमी को जड़ा थप्पड़
इस दौरान दीपक और अमन को ग्रामीणों ने बचा लिया, वहीं नीतीश गहरे पानी में डूब गया। वह रमायन सिंह लघु माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। उसके डूबने की खबर सुनते ही परिजन नदी के किनारे पहुंच गए।
मां रंभा देवी बदहवाश होकर नदी के तट पर अपने बेटे को तलाश कर रोने लगी। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। बेटे के डूबने पर गमगीन पिता खुद को संभाल नहीं पाया, वह फफक-कर रो पड़ा। नीतीश के दो भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।