देवरिया। निहाल हत्याकांड में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात सुरौली थानाक्षेत्र के ठाकुर देवा पुल के पास मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र के, जबकि तीसरा जिले के सुरौली क्षेत्र का रहने वाला है। तीनों के पैर में गोली लगी है। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक तीनों ने पुरानी रंजिश में निहाल की हत्या की बात कबूली है।
मदनपुर क्षेत्र के बरांव निवासी शुभम सिंह उर्फ निहाल की बीते सात नवंबर को सुरौली थानाक्षेत्र के जद्दू परसिया के पास गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर एसओजी ने सुरौली व मदनपुर पुलिस के साथ ठाकुर देवा पुल के पास मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान देवरिया के सुरौली थानाक्षेत्र के नई खास निवासी आलोक राजभर पुत्र रामकिशुन और गोरखपुर के गगहा थानाक्षेत्र के बेलाडाड़ निवासी बृजेश गोस्वामी पुत्र वीरेन्द्र और इसी क्षेत्र के कहला गांव निवासी अमन गिरी पुत्र राजेश के रूप में हुई। इनमें बृजेश के खिलाफ गोरखपुर के गगहा थाने में करीब दर्जनभर केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की जा चुकी है। बदमाशों के पास से एक पिस्टल, दो देसी तमंचा बरामद हुआ है।