तीन की मौत, 429 लोग संक्रमित मिले
जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 2323 पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। रोज करीब सौ से अधिक लोग संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को तीन लोगों की मौत हो गई। तीन चिकित्सक समेत 429 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में पॉजिटिव की संख्या 11906 हो गई है। एक्टिव केस 2323 है। जबकि 9454 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 129 लोगों की अब तक मौत हुई है। होम आइसोलेशन में 1779 लोग हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग एल 2 अस्पताल में 134 लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में कोविड-19 की रोकथाम को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इससे बचाव के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस सख्ती दिखा रही है, लेकिन इसका असर कम ही दिख रहा है। बाजार में दुकानों पर बिना मास्क लगाए लोग पहुंच रहे हैैं। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सैंपलिंग के साथ ही अन्य जांच बढ़ा दी गई है। लोगों से मास्क लगाने, सामाजिक दूरी का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है।
1319 लोगों को लगा टीका
देवरिया। जनपद के 23 केंद्रों पर कोरोनारोधी टीकाकरण का कार्य हुआ। 2280 लक्ष्य के सापेक्ष 1319 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इन केंद्रों पर 170 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 459 लोगों, तीन हेल्थ केयर वर्कर,10 फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन की प्रथम तथा 677 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। कुल उपलब्धि 57.85 प्रतिशत रही।