देवरिया में कोरोना से तीन लोगों की मौत, 312 मिले संक्रमित
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण रूकने का नाम नहीं ले रहा है। निरंतर ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार तीन लोगों की जहां मौत हो गई वहीं 312 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें कलेक्ट्रेट व सीएमओ आफिस के तीन कर्मचारी सहित, पीएचसी, सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मी आदि शामिल हैं। जनपद में पॉजिटिव की संख्या 17195 हो गई है। एक्टिव केस 2989 पहुंच गया है। जबकि 14055 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अब तक 151 लोगों की मौत हो चुकी है। होम आइसोलेशन में 2519 लोग हैं। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित एमसीएच विंग एल 2 अस्पताल में 57 लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में कोविड-19 तेजी से पांव पसार रहा है। इसके नियंत्रण को लेकर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इससे बचाव के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस सख्ती दिखा रही है और बिना मास्क लगाए लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है, लेकिन इसका असर कम ही दिख रहा है। लोग अनावश्यक बाजारों व सड़कों पर घूम रहे हैं। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। सैंपलिंग के साथ ही अन्य जांच बढ़ा दी गई है। लोगों से मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है।
3004 लोगों को लगा कोविड का टीका
देवरिया। जनपद के 47 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को कोविड टीकाकरण हुआ। लक्ष्य 6640 के सापेक्ष 3004 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। इन केंद्रों पर 366 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 761 लोगों, एक हेल्थ केयर वर्कर, 50 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की प्रथम तथा 1826 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। कुल उपलब्धि 45.24 प्रतिशत रही।