सलेमपुर। बहुभोज के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर पूर्व विधायक के बेटे और भाई पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया। इस मामले में नौ लोगों पर केस दर्ज है।
कोतवाली क्षेत्र के रौनीगंगा गांव में अखिलेश की शादी के बाद उनके घर पर रविवार की रात में बहुभाेज का कार्यक्रम था। इसमें पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद के दरवाजे के सामने ही अखिलेश के परिवार के लोग डीजे बजा रहे थे। इसी बीच किसी बात को लेकर कुछ लोग डीजे के एक कर्मचारी को मारने-पीटने लगे।
अपने दरवाजे पर एक व्यक्ति की पिटाई देखकर पूर्व विधायक के बेटे मुकुट मणि ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने सोनू, आदित्य व प्रशांत को उनके गांव से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद