देसही देवरिया। महुआडीह थानाक्षेत्र के एक गांव के युवक ने पुलिस को पांच मनबढ़ युवकों के विरुद्ध तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई थी। कहा था कि आरोपी रफ्तार गैंग के सदस्य हैं। इन पर कार्रवाई नहीं हुई तो बेटी के साथ आत्मदाह कर लेंगे। पुलिस चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर, गांव के कुछ लोग पीड़ित को मनाने में लगे हैं कि मामले में सुलह हो जाय। थानाक्षेत्र के एक गांव के पीड़ित ने मंगलवार को पुलिस को पांच युवकों के विरुद्ध नामजद तहरीर दिया। पीड़ित का कहना है कि परिवार में उनकी इकलौती बेटी के अलावा और कोई नहीं है। वह मजदूरी कर नाबालिग बेटी के साथ जीवन-यापन करता है।
आरोप है कि पांच युवक हैं, जिनका संबंध चर्चित रफ्तार गैंग से है। इन लोगों ने जीना मुश्किल कर दिया है। विरोध करने पर मारपीट कर आमादा हो जाते हैं। मनबढ़ युवक बेटी के साथ भी छेड़खानी करते हैं। डर की वजह से बाहर निकला मुश्किल हो गया है। तहरीर में यह भी लिखा है कि पुलिस ने उक्त आरोपियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं किया तो वह बेटी के साथ आत्मदाह कर लेंगे। पुलिस ने मामले में चार युवकों को हिरासत में ले लिया। थाने पर उनसे पूछताछ की जा रही है। उधर, जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोग कोशिश कर रहे हैं कि मामले में हिदायत देकर सुलह हो जाए। दोबारा गलती होती है तो पुलिस कार्रवाई करे। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि मामले में दोनों पक्ष शायद सुलह के लिए तैयार हैं। चार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।