संवाद न्यूज एजेंसी देसही देवरिया। पकड़ी वीरभद्र गांव के पास मुख्य मार्ग पर रेडियम पट्टी लगे 15 खंभों को चोर उखाड़ ले गए हैं। लोगों ने मामले की सूचना विभाग को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महुआडीह थानाक्षेत्र के पकड़ी वीरभद्र गांव के दक्षिण एक मोड़ है। रात को यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। करीब एक माह पहले यहां एक वाहन मोड़ पर मुड़ने की बजाय सीधा गड्ढे में जाकर गिर गया था।
इसमें गंभीर रूप से घायल एक शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। हादसों से सहमे गांव के रणजीत सिंह ने वहां पेट ले जाकर सड़क पर राहगीरों की सावधानी के लिए निशान बनाए। लोगों की मांग पर पीडब्ल्यूडी की तरफ से संज्ञान लेकर वहां सड़क के दोनों तरफ रेडियम पट्टी के 19 खंभे लगाए गए। बृहस्पतिवार की सुबह लोगों ने देखा कि चोर उसमें से 15 खंभे चोर उखाड़ ले गए हैं।
प्रभारी एसओ दीपक सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पीडब्ल्यूडी से भी खंभे लगाए जाने से जुड़ी जानकारी की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।