पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर के लोहिया नगर बीएसएनएल रोड निवासी मुन्ना तिवारी के सूने घर को शनिवार रात चोरों ने निशाना बना लिया। दरवाजे का ताला तोड़कर ग्राउंड और प्रथम तल के प्रत्येक कमरे व आलमीरा को तोड़कर आलमीरा में रखे चांदी के पायल, विछुआ और सोने की एक अंगूठी और करीब साढ़े चार हजार रुपये नकदी समेत घर में लगे सीसीटीवी दो कैमरे भी उठा ले गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुन्ना तिवारी एलआईसी में कार्यरत हैं। शुक्रवार रात उनके पैतृक गांव कटियारी से उनके बड़े भाई के मरने की सूचना मिली तो वह अपने एक पड़ोसी को बताकर गांव चले गए और क्रिया कर्म में व्यस्त हो गए। शनिवार रात सूना घर जानकर चोरों ने मकान को निशाना बना दिया। जिसकी जानकारी उन्हें रविवार शाम बेटी के मकान पर पहुंचने के बाद हुई। उनकी बेटी ने चोरी की सूचना डायल नंबर 112 पर दी। सूचना पर देर रात कार्रवाई पूरी की। मुन्ना तिवारी ने गांव से आने के बाद सोमवार को कोतवाल गोपाल पांडेय को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कहा कि बीएसएनएल रोड में ही दो दिन पूर्व भी एक व्यक्ति के यहां चोरी हुई है। सामने के पप्पू यादव के मकान में भी सालों पूर्व चोरों ने भीषण चोरी की थी, लेकिन किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि गहनता से जांच की जा रही है। शीघ्र ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।