खुखुंदू क्षेत्र के एकडंगा गांव का मामला
घर के पीछे खिड़की के रास्ते घर में घुसे थे चोर
पीड़ित ने घटना की जानकारी होते ही दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एकडंगा गांव में खिड़की के रास्ते घर में घुसे चोर 20 हजार रुपये नकदी और करीब सात लाख रुपये के जेवरात चुरा ले गए। घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह चोरी हुआ बॉक्स टूटे हालत में गांव के दक्षिण खेत के पास मिला है। हालांकि पीड़ित ने घटना की जानकारी होते ही तहरीर दे दी है। पुलिस जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
खुखुंदू क्षेत्र के एकडंगा गांव निवासी रामचंद्र पाठक के घर में शनिवार की रात चोर पीछे खिड़की के रास्ते अंदर प्रवेश किए और फिर घर में जिन कमरों में परिवार के सदस्य सोए थे उसकी कुंडी बाहर से बंदकर दूसरे कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखा रुपये और जेवरात वाला बाॅक्स उठा ले गए। पीड़ित के मुताबिक बाॅक्स में सोने के जेवरात और 20 हजार रुपये नकदी था। परिवार को घटना की जानकारी रविवार सुबह सोकर उठने पर हुई। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल कर वापस लौट आई। उधर, मंगलवार सुबह खोजबीन करने पर चोरी गया बाॅक्स गांव के दक्षिण पोखरी स्थित गेहूं के खेत के पास मिला है। हालांकि उसमें रखे जेवरात और रुपये गायब है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल की गई है। तहरीर मिली है, प्राथमिकी दर्ज कर चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।