संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय चौराहे पर पुलिस पिकेट के पास चोरों ने शुक्रवार की रात एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को अपना निशाना बनाया।
चोरों ने दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर दो पंखे और एक प्रेस उठा ले गए। चोरों ने शटर का ताला तोड़ने की भी कोशिश की।
कस्बे के मुख्य मार्ग पर दुकान में चोरी से अन्य दुकानदारों में दहशत है। पीड़ित ने तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू कस्बा निवासी अनिल सिंह की चौराहे पर इलेक्ट्राॅनिक की दुकान है। वह शुक्रवार की रात दुकान बंद कर अपने आवास पर सोने चले गए।
शनिवार की सुबह टहलने निकले तो देखा दुकान के काउंटर का फाटक खुला है। पास जाकर देखा तो काउंटर का ताला टूटा पड़ा था और शटर के ताले पर भी ईंट से प्रहार कर तोड़ने की कोशिश की गई थी।
ऐसे में चोरों के हाथ सिर्फ दो पंखे और एक प्रेस ही लगा। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि दुकान के पास में ही पुलिस पिकेट रहती है और मुख्य सड़क पर दुकानें भी हैं, फिर चोरों ने साहस कर काउंटर का ताला तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।
थानेदार दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल की गई। तहरीर मिली है। चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।