देवरिया। पिता की तबीयत खराब होने की सूचना पर पत्नी के साथ गोरखपुर गए शख्स के उमानगर स्थित किराये के मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए।
पड़ोसी महिला ने मकान का दरवाजा खुला होने की सूचना दी तो दंपती देवरिया पहुंचा। घर आने पर ताला टूटा मिला और जेवर गायब थे। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है।
बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के कोरेया गांव निवासी अनिल कुमार राय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह पत्नी के साथ उमानगर वार्ड नंबर 15 में प्रेम चंद सिंह के मकान में किराये पर रहते हैं।
19 अगस्त को पिता की तबीयत खराब हो गई थी। सूचना मिलने पर वह पत्नी के साथ सुबह करीब 11 बजे गोरखपुर चले गए। वहां दोनों पिता की देखभाल में लगे थे। अगले दिन सुबह पड़ोस में रहने वाली पूजा मिश्र ने सूचना दी कि मकान का दरवाजा खुला है।
शिकायत के मुताबिक घर पहुंचने पर मकान का ताला टूटा मिला। अंदर सामान की जांच की गई तो सोने का एक बड़ा हार, एक छोटा हार, मंगलसूत्र, सोने की दो चेन, चार अंगूठी, कान की बाली, कान का झुमका, चांदी की एक जोड़ी पायल और पैर की चार बिछिया गायब मिलीं।
कोतवाल का कहना कि चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक रविंद्र नाथ चौबे को सौंपी गई है। जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा। संवाद