देवरिया। जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर सक्रिय एक चोर को मंगलवार को चोरी के मोबाइल फोन और चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार प्रांत के सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के मेन रोड नई बाजार निवासी विशाल कुमार जायसवाल (19) के रूप में हुई।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से आरोपी को दबोचा। तलाशी में उसके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन, एक चाकू और 220 रुपये नकद मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपना खर्च चलाने के लिए ट्रेनों और प्लेटफार्म पर सो रहे यात्रियों से मोबाइल और अन्य सामान चुरा लेता है। जीआरपी उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है। संवाद