देवरिया। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एसपी अभिजित आर शंकर ने शहर के रुद्रपुर मोड़, बस स्टैंड तिराहा, सुभाष चौक समेत मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक बूथ बनाने और सड़क से अतिक्रमण हटवाने का आदेश दिया है।
इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से निजात के लिए पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा पहले से जाम हटवाने के लिए किए गए उपायों पर भी प्रभावी क्रियान्वयन कराने का आदेश दिया है।
सिविल लाइंस, स्टेशन रोड, कसया रोड समेत लगभग सभी सड़कों पर सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहता है। मुख्य सड़क पर तो एक चौराहे से जाम खत्म होता है तो दूसरी जगह लोग फंस जाते हैं।
स्थिति यह है कि पुरवा मोड़ से रुद्रपुर मोड़ तक दो किलोमीटर का सफर तय करने में कई बार घंटे भर का वक्त लग जाता है। सोमवार को जाम की स्थिति विकट होती है।
एसपी अभिजित आर शंकर ने जिले का कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहले शहर का पैदल गश्त किया था। साथ में ट्रैफिक और सदर सीओ भी थे। उन्होंने सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन तिराहा, रुद्रपुर मोड़ समेत हर उन स्थान को देखा, जहां दिन भर जाम लगता है।