संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस लाइंस के प्रेक्षागृह में मंगलवार को डीएम दिव्या मित्तल और एसपी विक्रांत वीर की मौजूदगी में गंगा दशहरा, बकरीद एवं जगन्नाथ रथ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
डीएम ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखेगी। उन्होंने लोगों को अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी है। डीएम ने कहा कि बकरीद पर नमाज ईदगाह और मस्जिद के भीतर क्षमता अनुसार ही पढ़ी जाए। सड़क पर नमाज पढ़ने से बचने की जरूरत है। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं की जाए। सार्वजनिक स्थानों पर भी कुर्बानी पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कुर्बानी के पश्चात अवशेषों के उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए। कोई भी नई परंपरा प्रारंभ करने की अनुमति नहीं होगी। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की घृणित व कुत्सित विचारधारा को प्रोत्साहन देने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया की निगरानी विशेष रुप से की जा रही है।
एसपी विक्रांत वीर ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की तैयारी पुख्ता है। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस की तैनाती की जाएगी। पुलिस नियमित रूप से गश्त कर रही है।
इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जैनेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा मौजूद रहे।