-त्योहार पर बाहर से आने वाले यात्रियों को समय से नहीं मिल रही बसें
-अष्टमी पर दर्शन के लिए विंध्याचल और मैहर के लिए नहीं हैं डायरेक्ट बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। दशहरा पर्व को लेकर सरकारी सहित गैर सरकारी संस्थाओं, स्कूल, कॉलेजों में इन दिनों अवकाश है। जिसके चलते लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। वहीं अष्टमी तिथि पर विंध्याचल और मैहर में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु जाते हैं। इन दिनों रेलवे स्टेशन, परिवहन डिपो पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। यात्रियों को समय से बसें नहीं मिलने या देर से मिलने पर परेशान होना पड़ रहा है।
परिवहन डिपो में 83 निगम की और 145 बसें अनुबंधित हैं। जिनका विभिन्न रुटों पर संचालन हो रहा है। सबसे अधिक भीड़ लार, सलेमपुर, देवरिया, गोरखपुर रूट पर होती है। इसमें अधिकांश बसें इसी रूट पर लगाई गई हैैं। फिर भी यात्रियों को बस पकड़ने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है या खड़े होकर धक्के खाकर जाना पड़ रहा हैं। सबसे अधिक दिक्कत दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को लोकल रूटों पर यात्रा करने में हो रही है। वहीं शारदीय नवरात्र व दशहरा पर्व को लेकर जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु माता रानी का दर्शन करने के लिए रेलवे स्टेशन, परिवहन डिपो पर पहुंच रहे हैं। जिसके चलते काफी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। भीड़ को देखते हुए रेलवे व रोडवेज अधिकारियों ने कोई विशेष इंतजाम नहीं किया है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। नवरात्रि में प्रतिदिन यात्रियों की संख्या में 200 से 300 तक का इजाफा हुआ है। यहां से लोग विभिन्न देवी मंदिरों का दर्शन करने के लिए निकल रहे हैं। पर्व को लेकर रोडवेज व रेलवे विभाग को मुनाफा हो रहा है लेकिन इंतजाम कुछ भी नहीं दिख रहा है। विध्याचल जाने के लिए डिपो से डायरेक्ट बस नहीं मिलने से यात्री परेशान हैं। बाहर से आने वाली कुछ सीमित बसें ही यात्रियों के लिए सहारा हैं। अष्टमी पर विध्याचल दर्शन के लिए यात्रियों को कई जगह बसें बदलनी पड़ रही हैं। मनीष, यादव, ममता, सुनील तिवारी, प्रदीप आदि ने बताया कि हम लोगों को अष्टमी पर माता के दर्शन के लिए विध्याचल जाना है। यहां पता किया गया है। विध्याचल के लिए कोई सीधी बस नहीं है। जिसके चलते गोरखपुर जा रहे हैं। वहां से विंध्याचल के लिए बस मिलेगी।
कोट
नवरात्र और दशहरा पर्व पर इन दिनों यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। देवरिया-गोरखपुर रूट पर निगम और अनुबंधित बसों का पर्याप्त संचालन हो रहा है। लोकल रूटों पर सीमित बसें हैं। लेकिन यात्रियों की संख्या अधिक होने पर विभाग द्वारा बसों के फेरे बढ़ा दिए जा रहे हैं। वहीं विध्याचल दर्शन के लिए बाहर से आने वाली बसों और गोरखपुर जाकर वाराणसी और विध्याचल के लिए लोग बसें पकड़ रहे हैं।
-कपिलदेव प्रसाद, क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक, देवरिया डिपो